दिल्ली, 18 सितंबर 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में आज छात्र अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। चुनावी प्रचार आरोप-प्रत्यारोप और छात्र संगठनों की जोरदार गतिविधियों के बाद शुक्रवार को मतदान होगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कुल 151842 मतदाता चार केंद्रीय पदों के प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। चुनाव में 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान के लिए 52 कॉलेजों और केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। शनिवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में सुबह और शाम की शिफ्ट में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अलग-अलग मतदान समय निर्धारित किया गया है। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक वोट डाल सकेंगे। वहीं शाम की शिफ्ट के छात्रों के लिए मतदान दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा।
मतदान केंद्रों पर छात्रों की पहचान जांच समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने छात्रों से निर्धारित समय पर पहुंचकर मतदान करने और चुनावी आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। छात्रों को वोट डालने के लिए कॉलेज कार्ड लाना अनिवार्य रहेगा।
मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी या अन्य गड़बड़ी से निपटने के लिए 12 कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इनसे विभिन्न मतदान केंद्रों की निगरानी की जाएगी। किसी केंद्र से शिकायत या तकनीकी समस्या मिलने पर संबंधित टीम को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन का दावा है कि चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
डूसू के चार केंद्रीय पदों अध्यक्ष उपाध्यक्ष सचिव और संयुक्त सचिव के लिए कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद पर सात उपाध्यक्ष पर पांच सचिव पर चार और संयुक्त सचिव पर चार प्रत्याशी हैं। एबीवीपी एनएसयूआई आइसा-एसएफआई गठबंधन और एएसएपी समेत विभिन्न छात्र संगठनों ने चुनाव में अपने पैनल उतारे हैं।
ये भी देखे: AAP ने पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव के लिए सांसद मीत हेयर और विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद को बनाया चुनाव इंचार्ज