पंजाब के 13 जिलों में आज छिटपुट बारिश की संभावना, मानसून की वापसी की तैयारी

by Manu
punjab rain

चंडीगढ़, 18 सितंबर 2026: पंजाब के 13 जिलों में आज छिटपुट बारिश की संभावना है। वहीं चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हिमाचल व पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मोहाली में सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। कल से मानसून की विदाई पश्चिमी राजस्थान से हो जाएगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अब पंजाब में बारिश कम हो रही है। मानसून सिमटने लगा है। ऐसे में आज फाजिल्का मुक्तसर बठिंडा मानसा में कुछ स्थानों और पठानकोट होशियारपुर नवांशहर फिरोजपुर फरीदकोट मोगा बरनाला संगरूर रूपनगर में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा पंजाब के पास से होकर गुजर रही है। यह रेखा रोहतक और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों से होते हुए आगे बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके कारण पंजाब में बारिश के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर खिसक गया है। इसका असर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के मौसम पर भी पड़ सकता है।

मानसून वापसी की प्रक्रिया पश्चिमी राजस्थान से शुरू होने के बाद धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम भारत के दूसरे हिस्सों में भी इसका असर दिखेगा। पंजाब में बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ मौसम के शुष्क होने की संभावना बढ़ेगी। हालांकि मानसून की विदाई शुरू होने के बाद भी स्थानीय मौसम सिस्टम के कारण कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

ये भी देखे: चंडीगढ़-पंजाब में मानसून सक्रिय, आज कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

You may also like