इजरायल में गादी आइसेनकोट को मिली नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी, नेतन्याहू को झटका

by Manu
गादी आइसेनकोट

तेल अवीव, 08 नवंबर 2026: इजरायल में राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने याशर पार्टी के अध्यक्ष गादी आइसेनकोट को नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी देने का फैसला लिया है। यह फैसला नेसेट के विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ परामर्श के बाद लिया गया। राष्ट्रपति के इस कदम को मौजूदा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। क्योंकि नेतन्याहू सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रहे हैं।

राष्ट्रपति इसाक हर्जोग रविवार शाम स्थानीय समय राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम के दौरान आइसेनकोट को औपचारिक रूप से सरकार बनाने का न्योता देंगे। आइसेनकोट को सरकार गठन के लिए 28 दिन का वक्त मिलेगा। अगर जरूरत पड़ी तो राष्ट्रपति उन्हें 14 दिन का अतिरिक्त समय भी दे सकते हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक 67 सांसदों वाले राजनीतिक गुटों ने आइसेनकोट के समर्थन में सिफारिश की। जबकि 46 सांसदों वाले गुटों ने मौजूदा प्रधानमंत्री और लिकुड पार्टी के अध्यक्ष बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन किया। वहीं सात सांसदों ने किसी भी नेता के पक्ष में सिफारिश नहीं की।

राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने राजनीतिक व्यवस्था से जुड़े कई प्रमुख लोगों के साथ गहन बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइसेनकोट से भी मुलाकात की थी। राष्ट्रपति ने आइसेनकोट को अपने फैसले की जानकारी दे दी है।

हालांकि इसका मतलब ये नहीं है कि आइसेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत है। राष्ट्रपति ने केवल पहले उन्हें गठबंधन सरकार बनाने का मौका दिया है। आइसेनकोट के पास यह चुनौती होगी कि वे अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टियों को एक साथ लाएं और उनका समर्थन हासिल करें।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like