अयोध्या, 08 नवंबर 2026: अपने अयोध्या दौरे के दूसरे दिन आज रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह रामघाट हाल्ट के पास निषाद बस्ती पहुंचे। यहां दीपावली मिलन के कार्यक्रम में सीएम योगी ने स्वच्छता से जुड़े लोगों को दीपावली की सौगात दी।
इस दौरान सीएम योगी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ सेल्फी भी ली। फिर वह अशोक सिंघल वार्ड दिगंबर अखाड़ा बड़ा भक्तमाल और मणिराम दास छावनी पहुंचे। यहां सीएम योगी ने संतों से मुलाकात की। सीएम योगी का कारसेवकपुरम में संतों के साथ मीटिंग का कार्यक्रम भी है।
अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक जमाना था जब अयोध्या में जय श्री राम बोलने पर रोक थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा एक समय था जब अयोध्या में जय श्री राम बोलने पर रोक थी। भगवान श्री राम के भक्तों पर लाठियां बरसाई गईं और गोलियां चलाई गईं। यहां तक कि परिक्रमा पर भी बैन लगा दिया गया था। अब मैं कह सकता हूं कि यहां भगवान श्री राम के भक्तों का स्वागत किया जाता है। लाखों भक्तों ने दीपोत्सव में हिस्सा लिया। वे खुशी और उत्साह से भरे हुए थे। कोई पाबंदी नहीं थी।
सीएम योगी बोले कि किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया। यही तो किसी उत्सव की असली खुशी है। अब परिक्रमा को कोई रोकता नहीं है बल्कि इसे बढ़ावा दिया जाता है और प्रोत्साहित किया जाता है। अयोध्या आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बन गई है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया