मोहाली, 06 मई 2026: मोहाली के सोहाना इलाके में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटना ने पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है। गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित माता साहिब कौर गुरुद्वारा के निकट सड़क पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के क्षतिग्रस्त अंग मिले। इस घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
इंसाफ की मांग को लेकर सिख संगत ने एयरपोर्ट रोड पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात काफी देर तक पूरी तरह ठप रहा। मामला मंगलवार शाम का है। गुरुद्वारे में तैनात सेवादार ने जब श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अंगों को जमीन पर गिरा देखा तो तुरंत खबर फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। अधिकारियों ने कहा कि नए कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी देखे: लुधियाना में गुटका साहिब की बेअदबी, गली में फटे अंग बिखरे मिले, CCTV में 11 साल का बच्चा नजर आया