चंडीगढ़, 10 जून 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा किया कि गांव की शामलात भूमि पर पिछले 20 वर्षों से मकान बनाकर रह रहे परिवार अब मालिकाना हक हासिल करने के लिए 16 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे परिवारों को 2004 की कलेक्टर दर के डेढ़ गुना के हिसाब से भूमि खरीद की राशि जमा करनी होगी। दस्तावेजी अड़चनों के कारण कई पात्र परिवार पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। सरकार ने अब उन्हें राहत देते हुए नई समयसीमा दी है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सशक्त पंचायत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने 17 जिलों के 179 गांवों की फिरनियों पर लगाई गई एलईडी स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन किया। इन लाइटों पर 23 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत आई है।
इसी कार्यक्रम में सीएम सैनी ने 17 जिलों में बनाई गई 350 अटल लाइब्रेरियों का भी लोकार्पण किया। इन लाइब्रेरियों पर 44 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास, स्वच्छता और सुशासन में बेहतरीन कार्य करने वाली छह ग्राम पंचायतों को ‘जागृत ग्राम पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इन पंचायतों को कुल 1 करोड़ 66 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार किसानों की भूमि को बंजर होने से बचाने के लिए 332 ऑर्गेनिक कार्बन किट खरीदेंगी