लखनऊ, 08 मई 2026: सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत की। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ की भावना के साथ मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम शुरू किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल लोगों की गिनती भर नहीं है। यह समग्र, समावेशी और सुनियोजित विकास का मजबूत आधार है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का युग डेटा आधारित निर्णयों का है। जनगणना से मिलने वाले सटीक आंकड़े आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि जनगणना यह सुनिश्चित करेगी कि विकास की मुख्य धारा में समाज का अंतिम व्यक्ति भी शामिल हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में पहली बार डिजिटल जनगणना हो रही है। पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य होगा।
आम नागरिकों को 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वगणना का विकल्प दिया गया है। इसके तहत लोग खुद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद जनगणना कर्मी घर-घर जाकर सूचीकरण पूरा करेंगे।
ये भी देखे: ‘भारत की जनगणना 2027’ का बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ