मुंबई, 17 मई 2025: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकवादी संगठन ISIS के पुणे स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े 2023 के एक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है। दोनों को मुम्बई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टी2 पर आव्रजन ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया। वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से भारत लौटने की कोशिश कर रहे थे। एनआईए की टीम ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
ये दोनों आरोपी पिछले 2 साल से फरार थे और मुंबई की एनआईए की विशेष अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। NIA ने इन दोनों पर तीन-तीन लाख रुपये का इनाम की भी घोषणा की थी। इन लोगों ने भारत की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के लिए आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची थी।
बताया जा रहा है कि इनका उद्देश्य भारत सरकार के खिलाफ हिंसा और आतंक के माध्यम से इस्लामी शासन स्थापित करना और साथ ही ISIS के एजेंडे को आगे बढ़ाना था। इन दोनों आरोपियों तथा अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। वे पुणे के कोंढवा में अब्दुल्ला फयाज शेख द्वारा किराए पर लिए गए मकान में IED बनाने में शामिल थे। 2022-23 के दौरान, उन्होंने बम बनाने और प्रशिक्षण के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया। वही उन्होंने अपने द्वारा बनाए गए आईईडी का परीक्षण करने के लिए एक नियंत्रित विस्फोट भी किया।
ये भी देखे: जम्मू-कश्मीर: शोपियां के बाद त्राल में जैश के 3 आतंकी ढेर