मुंबई, 21 सितंबर 2026: IIT बॉम्बे में 22 साल के साहिल रवींद्र वाकोडे की आत्महत्या के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आईआईटी बॉम्बे के डायरेक्टर शिरीष बी केदारे ने बताया कि डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।
आईआईटी बॉम्बे ने माफी मांगी और कहा कि छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में पहले दी गई जानकारी पर उसे खेद है। संस्थान ने बताया कि प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को सिर्फ आईआईटी बॉम्बे की डीनशिप से सस्पेंड किया गया है।
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले साहिल वाकोडे आईआईटी बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक दूसरे साल के छात्र थे। शुक्रवार शाम पवई स्थित कैंपस के हॉस्टल में उनका शव मिला।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले साहिल को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का उपयोग करते और चैटजीपीटी पर प्रश्न पत्र अपलोड करते पकड़ा गया था।
साहिल के परिवार और प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि उन्हें संस्थागत उत्पीड़न और जाति-आधारित भेदभाव का सामना करना पड़ रहा था। छात्रों का दावा है कि परीक्षा में गड़बड़ी के बाद साहिल पर अत्यधिक मानसिक दबाव बनाया गया और उन्हें पढ़ाई से निलंबित करने की धमकी दी गई थी।
साहिल के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और एससी/एसटी अधिनियम के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। इसमें एक प्रोफेसर को आरोपी बनाया गया है और मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
ये भी देखे: IIT बॉम्बे में छात्र ने की आत्महत्या, एग्जाम में AI का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था, छह महीने में तीसरा मामला