भागलपुर, 21 सितंबर 2026: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड के भीरखुद पंचायत स्थित तरेटा गांव में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसा गैस गोदाम के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद सुल्तानगंज थाना पुलिस और अंचल पदाधिकारी को घटना की सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राहुल कुमार विकास कुमार ज्योति कुमारी पूजा कुमारी मीनाक्षी कुमारी और आयुष कुमार के रूप में हुई है। सभी बच्चों की उम्र करीब 10 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बताया गया है कि सभी बच्चे आसपास के विष्णु टोला और दुधैला इलाके के रहने वाले थे।
छह बच्चों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर और अस्पताल में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और परिवार के लोगों को ढांढस बंधाने के लिए ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
ये भी देखे: Prayagraj News: प्रयागराज में बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत