चेन्नई, 02 मई 2026: चेन्नई बनाम मुंबई मैच प्रीव्यू: आईपीएल 2026 में शनिवार को दो सबसे सफल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों का यह इस सीजन दूसरा मुकाबला है। पिछले मैच में चेन्नई ने मुंबई को एकतरफा अंदाज में हरा दिया था। अब हार्दिक पांड्या की टीम पिछली हार का बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
इस मैच में सबकी नजरें महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा पर भी होंगी। धोनी इस पूरे सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। रोहित शर्मा भी चोट के कारण अभी तक टीम में वापसी नहीं कर सके हैं।
चेन्नई और मुंबई दोनों ही टीमें इस सीजन अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं। दोनों के लिए यह मैच प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है।
धोनी सत्र से पहले अभ्यास के दौरान पिंडली में खिंचाव के कारण बाहर हैं। चेन्नई के कोच माइकल हसी ने मुंबई के खिलाफ मैच से पहले कहा, “उम्मीद है कि धोनी जल्द से जल्द वापसी करेंगे। मुझे नहीं पता कि यह शनिवार को होगा या उसके बाद वाले मैच में, लेकिन उनकी रिकवरी बहुत अच्छी चल रही है।”
वहीं मुंबई के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने बताया कि रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं। फ्रेंचाइजी की मेडिकल टीम शनिवार को चेन्नई के खिलाफ मैच के लिए रोहित को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का फैसला लेगी।