Chamba Bus Accident: चंबा में यात्रियों से भरी बस पलटी, सात लोगों की मौत, 11 घायल

by Manu
चंबा में यात्रियों से भरी बस पलटी

चंबा, 08 अगस्त 2026: हिमाचल के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा बस हादसा हुआ। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में सात लोगों की जान चली गई जबकि 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही यह निजी बस हादसे का शिकार हुई। बस में करीब 20 से 25 सवारियां मौजूद थीं।

पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बस दुर्घटना की सूचना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस और प्रशासन की टीम के पहुंचने के बाद बचाव कार्य में तेजी आई।

ये भी देखे: जींद में हरियाणा रोडवेज की बस पलटी, पंचकूला से हिसार जा रही थी, 40 यात्री घायल

You may also like