लखनऊ, 10 नवंबर 2026: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले नए सियासी गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच गठबंधन पर सहमति बन गई है। दोनों नेता उत्तर प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
सूत्रों के अनुसार इस गठबंधन का औपचारिक ऐलान 12 तारीख को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस गठबंधन में अन्य नेताओं को भी शामिल करने की कोशिशें जारी हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में गठबंधन का दायरा और बढ़ सकता है।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी लगातार चर्चा में हैं। वह लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश के चुनाव मैदान में उतरने की कोशिश कर रहे हैं। 2027 के चुनाव में वह और भी ज्यादा जोरदार तरीके से अपनी पार्टी एआईएमआईएम के उम्मीदवार को मैदान में उतारने की कोशिश में जुटे हैं। ओवैसी अपने भाषणों में कहते रहे हैं कि उनका मकसद यूपी में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना है। इसके लिए उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से साथ आने की अपील भी की थी। लेकिन वहां से कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अब चर्चा है कि एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन फाइनल हो गया है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया