केंद्रीय एजेंसियां भाजपा के इशारे पर ‘आप’ नेताओं के खिलाफ छापेमारी कर रही, लेकिन कुछ नहीं मिल रहा- CM भगवंत मान

by Manu
Bhagwant Singh Mann

चंडीगढ़, 08 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ‘आप’ नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की लगातार छापेमारी को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखे हमले करते हुए कहा कि भाजपा और उसकी एजेंसियां चाहे जितनी मर्जी छापेमारी कर लें, लेकिन कोई भी चीज ‘आप’ सरकार को पंजाब के लोगों के लिए दिन-रात मेहनत करने से नहीं रोक सकती।

‘आप’ विधायक डॉ. अमनदीप कौर के घर हुई छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और विरोध की आवाज को दबाया जा रहा है, लेकिन ईमानदारी और समर्पण के साथ लोगों की सेवा कर रहे ‘आप’ नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों को कुछ नहीं मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि डराना-धमकाना, राजनीतिक बदला और साजिशें न तो ‘आप’ को कमजोर कर सकती हैं और न ही पंजाब के विकास के एजेंडे को पटरी से उतार सकती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को राजनीतिक बदले के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने की बजाय लोगों की समस्याओं के समाधान की ओर ध्यान देना चाहिए।

यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को डराने और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने वालों की आवाज को चुप कराने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। ये एजेंसियां अपने राजनीतिक मालिकों के इशारे पर छापेमारी करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन इन्हें ‘आप’ नेताओं के खिलाफ कुछ नहीं मिलेगा, जो ईमानदारी से काम कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी पूरी तनदेही से निभा रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “ऐसे हथकंडे न तो आम आदमी पार्टी को डरा सकते हैं और न ही पंजाब के लोगों की सेवा करने के प्रति हमारी वचनबद्धता को कमजोर कर सकते हैं। पंजाब के लोगों ने हमें बदलाव और विकास के लिए जनादेश दिया है और राजनीतिक धमकी का कोई भी हथियार इस मिशन को रोक नहीं सकता।”

भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “राजनीतिक हिसाब-किताब बराबर करने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करने की बजाय केंद्र सरकार को लोगों की मुश्किलें हल करने पर ध्यान देना चाहिए। राजनीतिक साजिशें और दबाव की चालें हमें पंजाबियों से किए वादे पूरे करने से पीछे नहीं हटा सकतीं।”

राजनीतिक रैलियों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राहुल गांधी सहित प्रत्येक राजनीतिक नेता रैलियां करने और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। लोकतंत्र विचारों की अभिव्यक्ति और राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी की स्वतंत्रता से ही मजबूत होता है। प्रत्येक व्यक्ति को ऐसा करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like