चंडीगढ़, 05 नवंबर 2026: आईपीएल 2027 के ट्रेडिंग विंडो में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बड़ी डील हुई है। इस ट्रेड के तहत इंग्लैंड के ऑलराउंडर लिअम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ेंगे जबकि भारतीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल होंगे।
दोनों फ्रेंचाइजी के बीच हुए इस बड़े फेरबदल से उनकी टीमों का संतुलन बदल सकता है। सीएसके ने अपनी टीम में दो विदेशी ऑलराउंडर शामिल किए हैं जबकि एसआरएच ने तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने के लिए बाएं हाथ के गेंदबाज खलील और डेथ ओवरों के विशेषज्ञ एलिस को अपने साथ जोड़ा है।
इस ट्रेड में सबसे ज्यादा चर्चा लिअम लिविंगस्टोन की है। सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में खरीदा था लेकिन अब वह छह करोड़ रुपये की कीमत पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ेंगे। टूर्नामेंट की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक लिविंगस्टोन की नई फीस उनकी पिछली कीमत के आधे से भी कम है। हालांकि लिविंगस्टोन के लिए आईपीएल 2026 अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने दो मुकाबलों में सिर्फ 15 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें टीम की प्लेइंग-11 में भी जगह नहीं मिली थी। अब चेन्नई की टीम को उनसे बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान की उम्मीद होगी।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया