चंडीगढ़, 25 अक्टूबर 2025: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की खुली बहस में भारत ने पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए सख्त चेतावनी दी है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि परवथनेनी हरीश ने शुक्रवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है, और पाकिस्तान को अपने अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में जारी मानवाधिकार उल्लंघनों को तुरंत रोका जाना चाहिए। हरीश ने पाकिस्तान को “सैन्य दमन और अत्याचारों का शिकार” बताते हुए कहा कि वहां के लोग लंबे समय से आजादी की मांग कर रहे हैं।
पाक से पूछे तीखे सवाल
हरीश ने बहस के दौरान पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए कहा, “पाकिस्तान अपने कब्जे वाले इलाकों में गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन कर रहा है। हम उनसे अपील करते हैं कि ये अत्याचार तुरंत समाप्त करें।” उन्होंने जोड़ा कि जम्मू-कश्मीर के लोग भारत के लोकतांत्रिक और संवैधानिक ढांचे के तहत पूर्ण अधिकारों का आनंद ले रहे हैं, लेकिन “ये अवधारणाएं पाकिस्तान के लिए पूरी तरह अनजानी हैं।”
पाकिस्तान ने कश्मीर में कथित उल्लंघनों का जिक्र कर भारत को घेरने की कोशिश की, लेकिन हरीश ने इसे “झूठी बयानबाजी” करार दिया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान खुद अपने लोगों पर बमबारी करता है और नरसंहार को अंजाम देता है, फिर दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए ये नाटक करता है।”
ये भी देखे: UN में भारत का पाक को करारा जवाब, 1971 के ऑपरेशन सर्चलाइट का जिक्र कर दिखाया आईना