चंडीगढ़, 01 जुलाई 2026: वेनेजुएला में मृत घोषित किए गए भारतीय नाविक के शव से आंतरिक अंग गायब होने का मामला सामने आया है। 33 वर्षीय राकेश चौहान के शव से मस्तिष्क, हृदय, फेफड़े समेत कई महत्वपूर्ण अंग गायब मिलने के बाद परिवार ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
फेडरेशन ऑफ सीफेयर्स यूनियंस ऑफ इंडिया (FSUI) ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए वेनेजुएला के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और भारतीय दूतावास के तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लंगड़ा बाजार टोला निवासी राकेश चौहान नवंबर 2025 में एक्सफिनिटी कंपनी के माध्यम से मर्चेंट नेवी के एक जहाज पर चालक दल के सदस्य के रूप में वेनेजुएला गए थे।
परिवार के अनुसार, मई 2026 में कंपनी ने फोन पर बताया कि राकेश जहाज पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका उपचार चल रहा है। अगले दिन सुबह परिवार को उनकी हालत नाजुक बताते हुए बचने की संभावना महज पांच प्रतिशत बताई गई। उसी शाम उनकी मृत्यु की सूचना दे दी गई।
ये भी देखे: होर्मुज स्ट्रेट में ईरान-अमेरिका क्रॉसफायरिंग में भारतीय नाविक की मौत