चंडीगढ़, 17 नवंबर 2026: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को एक विकेट लेने के बाद जश्न मनाना भारी पड़ गया। कीवी ओपनर टिम सीफर्ट को आउट करने के बाद बराड़ ने जिस अंदाज में उन्हें विदाई दी उसे आईसीसी ने खेल भावना के खिलाफ माना है। इस मामले में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने भारतीय गेंदबाज को आधिकारिक फटकार लगाई है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है।
यह 24 महीने के भीतर उनका दूसरा अनुशासनात्मक अपराध है। इसके चलते उनके खाते में अब कुल दो डिमेरिट पॉइंट हो गए हैं।
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 12वें ओवर के बाद हुई जब बराड़ ने टिम सीफर्ट को आउट किया। विकेट मिलने के बाद भारतीय गेंदबाज ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। वह सीफर्ट के करीब पहुंचे और उनके सामने जोरदार तरीके से चिल्लाते हुए सेलिब्रेट किया। हालांकि सीफर्ट को आउट करने के बाद उनका यह अंदाज आईसीसी को पसंद नहीं आया।
आईसीसी ने माना कि उनका व्यवहार बल्लेबाज को अपमानित करने वाला था और इससे उसकी ओर से भी आक्रामक प्रतिक्रिया आ सकती थी। बराड़ को आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम इंटरनेशनल मैच में किसी बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसी भाषा हरकत या इशारों के इस्तेमाल से संबंधित है जो बल्लेबाज का अपमान करें या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसा सकते हों।
इस उल्लंघन के लिए बराड़ को आधिकारिक फटकार के साथ एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। 24 महीने के भीतर यह उनका दूसरा अपराध है और अब उनके कुल डिमेरिट पॉइंट की संख्या दो हो गई है। चार या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट होने पर खिलाड़ी को सस्पेंशन पॉइंट मिल सकते हैं जिससे बैन का खतरा पैदा होता है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया