आंध्र प्रदेश में देश का सबसे बड़ा निजी गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट शुरू, CM चंद्रबाबू नायडू ने किया उद्घाटन

by Manu
गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट

कुरनूल, 24 जून 2026: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले का जोंनागिरी इलाका अब देश के गोल्ड मैप पर अपनी खास पहचान बनाने जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने यहां देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के गोल्ड माइनिंग प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।

करीब 405 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को जियो मैसूर सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और दक्कन गोल्ड माइन्स लिमिटेड ने मिलकर विकसित किया है।

उद्घाटन के दौरान सोने के प्रोसेसिंग प्लांट की पहली यूनिट शुरू कर दी गई, जबकि दूसरी यूनिट की आधारशिला भी रखी गई। सरकार के मुताबिक खदान और प्रोसेसिंग प्लांट का ट्रायल रन पूरा हो चुका है। अब व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो जाएगा।

जोंनागिरी गोल्ड फील्ड्स प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने 1,500 एकड़ जमीन आवंटित की है। पहले चरण में 600 एकड़ क्षेत्र में खनन कार्य शुरू होगा। बाद में बाकी क्षेत्र में भी परियोजना का विस्तार किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार पहले साल इस खदान से करीब 400 किलोग्राम सोना निकलने की उम्मीद है। अगले साल उत्पादन बढ़कर 900 किलोग्राम तक पहुंच सकता है। भविष्य में प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ने के साथ यह परियोजना हर साल लगभग 2 टन सोना उत्पादन करने में सक्षम होगी।

ये भी देखे: पंजाब में क्रशर-ओनर माइनिंग साइट्स शुरू, मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा- गैरकानूनी खनन पर लगेगा अंकुश

You may also like