‘मेरा पटियाला मैं ही सँवारां’ की पहली वर्षगांठ पर लीला भवन चौक में जागरूकता अभियान आयोजित

by Manu
मेरा पटियाला मैं ही सँवारां

पटियाला, 17 सितंबर 2026: ‘मेरा पटियाला मैं ही सँवारां’ अभियान की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आज लीला भवन चौक में आयोजित विशेष जागरूकता अभियान को लोगों का भरपूर समर्थन मिला। इस अवसर पर 100 से अधिक ‘वारियर्स’ ने नीली टी-शर्ट पहनकर एकजुटता के साथ भाग लेते हुए शहरवासियों को स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मनरीत राणा ने विशेष रूप से शिरकत की और जागरूकता अभियान में भाग लेते हुए इसकी सराहना की।

अभियान के दौरान ‘वारियर्स’ ने चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ सीधे संवाद करते हुए उनसे अपील की कि वे सड़कों पर कूड़ा न फेंकें और अपने वाहनों से किसी भी प्रकार की गंदगी बाहर न फेंकें। कार चालकों और दोपहिया वाहन चालकों को इस संबंध में जागरूक किया गया तथा शहर की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस जागरूकता अभियान की विशेष बात यह रही कि इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘वारियर्स’ द्वारा लोगों के साथ किए गए सीधे संवाद ने स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को और मजबूती से उजागर किया।

अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों ने कहा कि ‘मेरा पटियाला मैं ही सँवारां’ केवल स्वच्छता का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि पटियाला को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

‘मेरा पटियाला मैं ही सँवारां’ की पहली वर्षगांठ के अवसर पर यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता की शुरुआत हम सभी से होती है और स्वच्छ पटियाला बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान एक वर्ष की सामूहिक यात्रा एक आवाज़, एक जज़्बा और एक सुंदर पटियाला की शानदार झलक देखने को मिली।

ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

You may also like