पंचकूला में एंटी करप्शन ब्यूरो ने SI को 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

by Manu
Panchkula ACB

पंचकूला, 31 जुलाई 2026: हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो ने पंचकूला के सेक्टर-21 पुलिस चौकी में तैनात सब इंस्पेक्टर देशराज को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर शिकायतकर्ता की कार छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता की कार एक झगड़े के मामले में सेक्टर-21 पुलिस चौकी में खड़ी करवाई गई थी। दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो जाने के बावजूद SI देशराज कार छोड़ने के लिए 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया। उसने लिखित शिकायत के साथ रिश्वत मांगने की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी। ब्यूरो ने शिकायत और ऑडियो का सत्यापन किया। इसमें प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी SI देशराज को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

ये भी देखे: मेवात एंटी करप्शन ब्यूरो ने रेवाड़ी बीडीपीओ को 35 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

You may also like