चंडीगढ़, 13 अगस्त 2026: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो बड़े क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से सात अवैध पिस्तौल और 2 किलो 30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियारों के मामले में गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे कथित तस्करों के संपर्क में थे। वे विदेश से अवैध हथियार हासिल कर उन्हें अमृतसर और तरनतारन के इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस अब आरोपियों के विदेशी तस्करों से संबंधों और हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है।
इस मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद और थाना सुल्तानविंड में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और हथियार व नशे की खेप पंजाब तक किन माध्यमों से पहुंचाई जा रही थी। साथ ही पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
ये भी देखे: अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार