चंडीगढ़, 14 नवंबर 2026: जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट, 2026′ के कुछ प्रावधानों को लेकर व्यक्त की जा रही चिंताओं को दूर करने और आपसी सहमति बनाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा गठित की गई तालमेल कमेटी की चौथी बैठक आज यहां आयोजित की गई।
इस बैठक के बाद तालमेल कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस अत्यंत संवेदनशील मामले के समाधान के लिए श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित पांच सदस्यीय कमेटी के साथ विचार-विमर्श करने तथा उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए तालमेल कमेटी 18 नवंबर, 2026 को दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस, श्री अमृतसर साहिब पहुंचेगी।
इस संबंध में तालमेल कमेटी ने श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित सिख विद्वानों की कमेटी के कोर्डिनेटर को पत्र लिखकर इसकी जानकारी साझा की है। कमेटी ने सिख समुदाय की भावनाओं के अनुरूप इस मामले का गंभीरतापूर्वक समाधान निकालने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित पांच सदस्यीय कमेटी से भी बैठक वाले दिन सहयोग करने की अपील की है।
आज की बैठक में तालमेल कमेटी के सभी सदस्यों ने एकमत से कहा कि कमेटी ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट, 2026’ में आवश्यक संशोधनों को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए सदैव तैयार है और इस दिशा में अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से पत्र संख्या अ.त./26/248, दिनांक 31 जुलाई, 2026 के द्वारा पंजाब सरकार को लिखा गया था कि राज्य सरकार द्वारा बनाए गए ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट, 2026’ पर विचार-विमर्श और सहमति बनाने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है और सरकार इस कमेटी के साथ संपर्क स्थापित कर कानून के संबंध में सहमति बनाए। राज्य सरकार ने श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करते हुए सात सदस्यीय तालमेल कमेटी का गठन किया था।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया