चंडीगढ़, 14 नवंबर 2026: पंजाब में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए जापान की प्रमुख पैकेजिंग कंपनी टोप्पन स्पेशियलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड अपने रेल माजरा स्थित प्लांट का विस्तार करेगी। कंपनी इस परियोजना पर 244 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 19,700 टन बढ़ेगी। 127 नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इनमें 22 पद महिलाओं के लिए होंगे।
कंपनी अपनी औद्योगिक इकाई में हर महीने करीब 900 टन धान की पराली का इस्तेमाल ईंधन के रूप में करेगी। इससे पराली जलाने की समस्या से निपटने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने बुधवार को पंजाब भवन में कंपनी के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जापानी कंपनी का यह निवेश पंजाब में बढ़ते वैश्विक औद्योगिक भरोसे का प्रमाण है।
शहीद भगत सिंह नगर जिले के रैल माजरा गांव में स्थित इस प्लांट में नई थर्मल लेमिनेशन लाइन, कोटिंग लाइन और दो मेटलाइजर लगाए जाएंगे। फर्नेस ऑयल के स्थान पर पराली आधारित बायोमास ईंधन से चलने वाले दो हीटर स्थापित किए जाएंगे। इससे निकलने वाली राख स्थानीय किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए दी जाएगी।
अमन अरोड़ा ने बताया कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब को करीब दो लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इसके लिए 10,673 कॉमन एप्लीकेशन फार्म प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से 6.63 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं हैं। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच ही 1846 आवेदन आए। इनके माध्यम से 35,966 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया