गांधीनगर, 28 सितंबर 2026: गुजरात पुलिस ने आयकर विभाग की शिकायत पर कार्रवाई की। राज्य के तीन गैर-मान्यता प्राप्त रजिस्टर्ड राजनीतिक दलों के खिलाफ तीन अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। इन दलों पर करीब 1870 करोड़ रुपये के फर्जी राजनीतिक चंदे के जरिए सरकारी खजाने को लगभग 560 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष राजस्व का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
गांधीनगर स्थित सीआईडी क्राइम जोन ने भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी आपराधिक साजिश दस्तावेजों की जालसाजी और जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल जैसी कई गंभीर धाराओं में यह कार्रवाई की है। इन प्राथमिकियों में तीनों राजनीतिक दलों के अलावा कुल 15 मुख्य पदाधिकारियों और ऑडिट करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
आयकर कानून की धारा 80जीजीसी के प्रावधान के तहत किसी भी पंजीकृत राजनीतिक दल को दिए गए दान पर करदाताओं को 100 प्रतिशत आयकर छूट की सुविधा मिलती है। आयकर विभाग की विस्तृत जांच में सामने आया कि इन तीनों दलों की जमीन पर कोई वास्तविक राजनीतिक गतिविधि नहीं थी। बल्कि इनका गठन केवल कमीशन के बदले चंदे का पैसा लौटाने के लिए एक मुखौटे के रूप में किया गया था।
ये भी देखे: गुरदासपुर में कार से मिला 62 लाख कैश, 2 गुजराती युवक गिरफ्तार