उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर तनाव, शाही मस्जिद के पास उपद्रवियों का पथराव, पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी

by Manu
ujjain uproar

उज्जैन, 28 सितंबर 2026: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन के कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक 15 मीटर सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। करीब 900 मीटर लंबे इस मार्ग पर निर्माण में बाधा बन रहे 60 धार्मिक स्थलों में से अधिकांश को हटाया जा चुका है। हालांकि शाही मस्जिद और खड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित मजार को लेकर पिछले दिनों तनाव और विरोध की स्थिति बनी। प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान उज्जैन में पथराव की स्थिति बनी। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

कार्रवाई की आशंका को देखते हुए यहां जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने के बाद शनिवार रात से मुस्लिम समाज के लोग शाही मस्जिद परिसर और आसपास की सड़कों पर एकत्र होने लगे। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध का सिलसिला रविवार रात तक जारी रहा।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।

मस्जिद के प्रभावित हिस्से को बचाने के लिए मुस्लिम समाज की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इस मामले में सोमवार को महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। नगर निगम और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। यदि अदालत की ओर से कोई कानूनी अड़चन नहीं आती है तो सोमवार से सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे अन्य बाधक धार्मिक स्थलों को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था जारी है।

ये भी देखे: उज्जैन में दो समुदायों के बीच झड़प, पत्थरबाजी से 3 लोग घायल; पुलिस ने 8 को हिरासत में लिया

You may also like