केंद्र RBI का असाधारण लाभांश राज्यों के साथ सांझा करे – हरपाल सिंह चीमा

by Manu
हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़, 23 मई 2026: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शुक्रवार को भारतीय सरकार द्वारा भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) से लगभग ₹2.87 लाख करोड़ का अभूतपूर्व लाभांश लेने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि RBI के रिज़र्व का अत्यधिक आहरण देश की दीर्घकालिक आर्थिक सहनशीलता को कमज़ोर कर सकता है और केंद्रीय बैंक की ताक़त को नुक़सान पहुँचा सकता है।

उन रिपोर्टों का हवाला देते हुए जिनमें कहा गया है कि RBI ने केंद्रीय बैंक की लगभग ₹4 लाख करोड़ की कुल आय में से लगभग ₹2.87 लाख करोड़ केंद्र सरकार को हस्तांतरित किए हैं, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि RBI की स्थापना के बाद से किसी भी सरकार को किया गया यह सबसे बड़ा लाभांश हस्तांतरण है।

वित्त मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में जब आम नागरिक पहले से ही तेल की ऊँची क़ीमतों, महँगाई के दबाव और बार-बार की जा रही किफ़ायत की अपीलों का बोझ झेल रहा है, यह असाधारण हस्तांतरण तीन गंभीर चिंताएँ पैदा करता है।

उन्होंने कहा कि पहली बात तो यह है कि इस तरह के अप्रत्याशित लाभ (windfall profits) वर्तमान में राज्यों के साथ साझा किए जाने वाले करों के वितरण योग्य पूल से बाहर रखे गए हैं। यदि केंद्र सरकार वैश्विक अनिश्चितताओं और आपूर्ति में व्यवधानों के कारण आर्थिक दबावों का सामना कर रही है, तो राज्य भी उन्हीं चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इस तरह के अप्रत्याशित लाभों को सहकारी संघवाद और राजकोषीय निष्पक्षता की भावना के अनुरूप राज्यों के साथ साझा किया जाना चाहिए।

केंद्रीय बैंक की वित्तीय ताक़त पर पड़ने वाले प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि हालाँकि राजकोषीय घाटे को कम करना महत्वपूर्ण है, लेकिन यह भारतीय रिज़र्व बैंक की वित्तीय और संस्थागत ताक़त की क़ीमत पर नहीं होना चाहिए। संकट के समय RBI देश के आर्थिक झटके सहने वाले तंत्र (shock absorber) और मौद्रिक स्थिरता बनाए रखने वाले कारक के रूप में कार्य करता है। रिज़र्व का अत्यधिक आहरण देश की दीर्घकालिक सहनशीलता और आर्थिक मज़बूती को कमज़ोर कर सकता है।

मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आगे कहा कि ऐसे समय में जब मुद्रा और वैश्विक वित्तीय वातावरण दबाव में हैं, तो RBI को आदर्श रूप से एक मज़बूत राजकोषीय बफ़र बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय स्थिरता को सुरक्षित रखने के लिए केंद्रीय बैंक को पर्याप्त रिज़र्व फंड और नीतिगत लचीलापन बनाए रखना चाहिए।

ये भी देखे: भाजपा विरोधी सरकारों को कुचलने के लिए ईडी, सीबीआई का उपयोग कर रही – हरपाल सिंह चीमा

You may also like