बीजिंग, 23 मई 2026: चीन के शांक्सी प्रांत स्थित लियुशेनयु कोयला खदान में गैस विस्फोट हुआ। इस दुर्घटना में 82 मजदूरों की मौत हुई है। हादसे के समय खदान के अंदर 247 मजदूर काम कर रहे थे। चीनी राष्ट्रपति शी चिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग ने बचाव कार्य में पूरी ताकत लगाने और घायलों के बेहतर इलाज के सख्त निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति शी चिनपिंग ने अधिकारियों से कहा है कि घायलों का तुरंत इलाज सुनिश्चित करें और लापता मजदूरों की खोज-बचाव अभियान में कोई कसर न छोड़ी जाए। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के भी आदेश दिए हैं।
प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी इन निर्देशों का समर्थन किया। उन्होंने समय पर सही जानकारी जारी करने और जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। सरकारी मीडिया शिन्हुआ के अनुसार, खदान संचालक कंपनी के अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है।
बता दें कि शुरुआत में शिन्हुआ ने केवल 8 मौतों की खबर दी थी और दावा किया था कि 200 से ज्यादा मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
ये भी देखे: ट्रम्प के बाद अब पुतिन 19 मई को जाएंगे चीन, शी चिनफिंग से होगी मुलाकात