लखनऊ, 06 मई 2026: उत्तर प्रदेश के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। विश्वविख्यात ब्रिटिश हथियार निर्माता कंपनी कंपनी वेब्ले एंड स्कॉट (Webley & Scott) लखनऊ नोड में अत्याधुनिक गोला-बारूद (एम्युनिशन) निर्माण इकाई स्थापित करेगी। यह यूनिट भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और अधिकृत सुरक्षा एजेंसियों के लिए विभिन्न कैलिबर के कारतूस और हथियार सामग्री तैयार करेगी।
कंपनी के चेयरमैन जॉन ब्राइड और निदेशक मनिंदर सियाल ने बताया कि इसे देश की सबसे बड़ी एम्युनिशन इकाइयों में से एक बनाने का लक्ष्य है।
कंपनी पहले चरण में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिसे अगले तीन वर्षों में बढ़ाकर 300 करोड़ रुपये तक ले जाया जाएगा।
इस प्लांट में 9×19 मिमी, 5.56×45 मिमी, 7.62×39 मिमी, 7.62×51 मिमी और 12.7 मिमी जैसे रक्षा-ग्रेड गोला-बारूद का उत्पादन 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी सिर्फ गोला-बारूद ही नहीं, बल्कि प्राइमर और अन्य जरूरी घटकों का भी निर्माण करेगी, जिससे पूरी उत्पादन प्रक्रिया (एंड-टू-एंड मैन्युफैक्चरिंग) संभव हो सकेगी।
यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ को नई मजबूती देगी और देश की रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भरता को काफी हद तक कम करेगी।
ये भी देखे: भारतीय नौसेना को जल्द मिलेगा अत्याधुनिक युद्धपोत INS TAMAL, रूस जल्द देगा डिलीवरी