चंडीगढ़, 18 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास और उनके व्यापारिक ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की करीब 29 घंटे तक छापेमारी चली। ED की टीम शुक्रवार सुबह 6:30 बजे उनके घर और कंपनियों पर पहुंची थी। शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे टीम उनके घर से निकली।
मीडिया कर्मियों ने जब उनसे बात करने की कोशिश की तो संजीव अरोड़ा बिना कुछ बताए ही कार में बैठकर निकल गए। इस दौरान ED के अधिकारी अपने हाथ में दो बैग लेकर दिखे।
संजीव अरोड़ा के घर के एक कर्मचारी ने बताया कि ED की टीम कल सुबह 6:30 बजे आई थी और आज 11:50 बजे चली गई। टीम में करीब 15 अधिकारी थे। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए।
रेड लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कुल 13 ठिकानों पर हुई। ANI की रिपोर्ट के अनुसार, ED अधिकारियों ने बताया कि संजीव अरोड़ा पर अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर पंजाब में अवैध सट्टेबाजी (बैटिंग) संचालकों को संरक्षण देने और उसके बदले मुनाफे में हिस्सा लेने का आरोप है।
ये भी देखे: ED के छापे विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए भाजपा की बौखलाहट – AAP पंजाब