चंडीगढ़, 18 अप्रैल 2026: गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में 16 अप्रैल को वाइस चांसलर के ऑफिस का गेट तोड़ने के मामले में गिरफ्तार सभी छह जजपा नेताओं को जमानत मिल गई है। कोर्ट ने सुमित सिंह की मौजूदगी में सभी आरोपियों से 30-30 हजार रुपये का बेल बॉन्ड भरवाया। इसके साथ ही सभी नेता रिहा हो गए।
इसी मामले में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की गिरफ्तारी देने जाते समय उनके काफिले को रोके जाने का विवाद अब और बढ़ गया है। दुष्यंत चौटाला ने हिसार के अर्बन एस्टेट थाने में CIA इंचार्ज पवन कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने SP के सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है।
दूसरी तरफ CIA इंचार्ज पवन कुमार ने भी उसी थाने में दुष्यंत चौटाला और उनके छोटे भाई दिग्विजय चौटाला के खिलाफ शिकायत दी है। SP सिद्धांत जैन ने पूरे मामले की जांच DSP कवलजीत सिंह को सौंप दी है।
दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 24 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है लेकिन पुलिस अभी तक मामला दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि DGP ने उनका फोन तक नहीं उठाया। दुष्यंत ने साफ कहा कि अगर सोमवार तक FIR दर्ज नहीं हुई तो वह हाईकोर्ट जाएंगे।
ये भी देखे: हांसी में दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर, हालत गंभीर