सरी, 03 फ़रवरी 2026: ब्रिटिश कोलंबिया के सरी शहर के क्रिसेंट बीच इलाके में 1 फरवरी 2026 को एक घर के बाहर फायरिंग और आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया। सरी पुलिस सर्विस (एसपीएस) ने इस एक्सटॉर्शन से जुड़े हमले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें जारी की हैं और गवाहों से आगे आने की अपील की है।
गिरफ्तार युवकों की पहचान हरजोत सिंह (21), तरनवीर सिंह (19) और दयाजीत सिंह बिलिंग (21) के रूप में हुई है। सभी पंजाबी मूल के विदेशी नागरिक हैं। कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (सीबीएसए) को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रोजेक्ट एश्योरेंस के तहत पैट्रोलिंग कर रही टीम को क्रिसेंट रोड और 132 स्ट्रीट के पास एक घर के बाहर गोलियां चलने और आग की सूचना मिली।
आरोपी एक संदिग्ध वाहन से भागने लगे। वे पैदल भागे और फिर राइडशेयर वाहन में सवार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने 28 एवेन्यू और 140 स्ट्रीट के पास उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। डेल्टा पुलिस की मदद भी ली गई। तीनों आरोपी 5 फरवरी 2026 तक पुलिस कस्टडी में रहेंगे। जांच जारी है और आगे और आरोप लग सकते हैं।
ये भी देखें: कनाडा में पंजाबी गैंग हिंसा चरम पर, पुलिस ने 11 संदिग्धों के लिए सार्वजनिक चेतावनी जारी की