पट्टी, 23 जनवरी 2026: पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गांव नाथूपुर के पास पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए एक कुख्यात गैंगस्टर से हथियार बरामद करने गई थी। आरोपी ने मौका मिलते ही छिपाई हुई पिस्टल से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तुरंत जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से एक ऑटोमेटिक 30 बोर PX-5 पिस्टल बरामद की है। एसएसपी तरनतारन सुरिंदर लांबा ने मौके पर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मामला करीब दो महीने पहले कैरों रेलवे फाटक के पास दो युवकों की गोली मारकर हत्या से जुड़ा है। इस हत्या के मामले में जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा पततू (निवासी खेमकरण) और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
जगप्रीत सिंह को कुछ दिन पहले फाजिल्का और तरनतारन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उसे प्रोडक्शन वारंट पर पट्टी पुलिस ने 5 दिन के रिमांड पर लिया। आज पुलिस उसे कैरों मर्डर केस में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए गांव नाथूपुर के नहर के पास ले गई।
सुनसान जगह पर पहुंचते ही जगप्रीत सिंह ने अचानक छिपाई हुई पिस्टल निकाली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में आरोपी की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे काबू कर लिया और अस्पताल पहुंचाया।
ये भी देखे: अमृतसर सरपंच हत्याकांड में पंजाब पुलिस को मिली सफलता, छत्तीसगढ़ से 2 मुख्य शूटर गिरफ्तार