लुधियाना, 10 जनवरी 2026: पंजाब के लुधियाना जिले में शनिवार सुबह मुल्लापुर के नजदीक बद्दोवाल इलाके में स्थित रॉयल लीमोज नामक लग्जरी कारों के शोरूम पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश शोरूम के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग के दौरान कई राउंड गोलियां चलीं। कुछ शोरूम के बाहर खड़ी कारों के फ्रंट शीशों पर लगीं।
इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। कई लग्जरी कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। वारदात के तुरंत बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने सफेद पर्चियां फेंकीं, जिन पर गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम लिखे थे।
पुलिस फिलहाल जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुल्लांपुर और दाखा पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने शोरूम मालिकों से जानकारी जुटाई । प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी का प्रतीत हो रहा है।
ये भी देखे: लुधियाना में चुनावी जीत के जश्न पर फायरिंग मामले में महिला पंच और पूर्व सरपंच सहित 18 लोगों पर केस दर्ज