राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की पनडुब्बी में यात्रा, आईएनएस वाघशीर पर समुद्र के नीचे जाकर देखी नौसेना की ताकत

by Manu
द्रौपदी मुर्मू

नई दिल्ली, 28 दिसंबर 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में भारतीय नौसेना की स्वदेशी अग्रिम पंक्ति की पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में यात्रा की। राष्ट्रपति मुर्मू पनडुब्बी में यात्रा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति बनीं। इससे पहले फरवरी 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने आईएनएस सिंधु रक्षक में पनडुब्बी यात्रा की थी।

अधिकारियों के अनुसार नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी कर्नाटक के करवार नौसैनिक अड्डे से कलवरी श्रेणी की इस पनडुब्बी में राष्ट्रपति के साथ थे। राष्ट्रपति सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर भी हैं।

राष्ट्रपति ने नौसैनिक वर्दी पहनकर पनडुब्बी में प्रवेश किया। उन्होंने आईएनएस वाघशीर के चालक दल से मुलाकात की और उनके समर्पण की सराहना की। राष्ट्रपति ने इस स्वदेशी पनडुब्बी को भारतीय नौसेना की पेशेवर उत्कृष्टता और युद्ध तैयारी का बेहतरीन उदाहरण बताया।

राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि राष्ट्रपति को भारत की समुद्री रणनीति में पनडुब्बी बेड़े की भूमिका, उसकी परिचालन क्षमताओं और राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा में योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

ये भी देखे: गुजरात दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , द्वारकाधीश का किया दर्शन

You may also like