धर्मशाला, 28 नवंबर 2025: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर पूर्व जयराम सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और एकता दिखाने के लिए उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा। सिर्फ झूठे आरोप लगा रही है।
सुक्खू ने कहा कि “पिछली सरकार ने जनता की संपदा लूटकर सिर्फ भवन बनाए। ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसे-ऐसे भवन बनाए जिनकी कोई जरूरत ही नहीं थी। आज वो भवन खाली पड़े हैं और उनकी मरम्मत का खर्च हमारी सरकार उठा रही है।”
मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा, कई जगहों पर स्कूलों-अस्पतालों की बजाय बेकार भवन बनाए गए। कई अस्पतालों में आज भी 15-15 साल पुरानी एक्स-रे मशीनें चल रही हैं।
सुक्खू ने दावा किया कि उनकी सरकार बिना बजट के किए गए शिलान्यासों को पूरा कर रही है। बजट का सही प्रबंधन कर सही जगह खर्च कर रही है। अच्छे स्कूल, अस्पताल और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस किया जा रहा है।
भाजपा की गुटबाजी पर तंज कसते हुए CM ने कहा “जो पार्टी खुद पांच टुकड़ों में बंटी हो, उसे एकता का पाठ पढ़ाने का कोई हक नहीं। जनता सब देख रही है।”
ये भी देखे: सुक्खू का जयराम पर हमला, प्रदेश की खराब अर्थव्यवस्था के जिम्मेदार हैं ठाकुर