बोधगया, 26 जुलाई 2025: Gayaji Gangrape Case: बिहार के बोधगया में होमगार्ड भर्ती के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। पुलिस ने एक महिला अभ्यर्थी के साथ दुष्कर्म के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय कुमार, जो गया जिले के उतरेन कोच का निवासी और एंबुलेंस चालक है, और अजीत कुमार, जो नालंदा जिले के चांदपुर का निवासी और टेक्नीशियन है, के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड भर्ती के लिए आयोजित दौड़ में हिस्सा ले रही एक महिला अभ्यर्थी दौड़ के दौरान बेहोश होकर गिर गई। उसे तुरंत मौके पर मौजूद एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस के अंदर चालक और टेक्नीशियन ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
बोधगया थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
ये भी देखे: Kolkata Gangrape Case: लॉ स्टूडेंट के साथ गैंगरेप मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार