चेन्नई, 09 मई 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 5 दिन बाद भी अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के सरकार बनाने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। TVK को बहुमत साबित करने के लिए अभी भी दो विधायकों की जरूरत है। फिलहाल विजय के पास 116 विधायकों का समर्थन है।
दो सीटें जीतने वाली वीसीके (VCK) आज शाम 4 बजे TVK को समर्थन देने के अपने फैसले का ऐलान करेगी। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) भी अपने दो विधायकों का समर्थन TVK को दे सकती है। अगर इनमें से कोई एक पार्टी भी समर्थन देती है तो विजय के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बन जाएगी।
इस बीच कांग्रेस ने हॉर्स ट्रेडिंग के डर से अपने पांच विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन इस ग्रुप का नेतृत्व कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि अगर TVK सरकार बनाती है तो पी. विश्वनाथन को मंत्री पद दिया जा सकता है।
TVK ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं। इनमें विजय ने दो सीटें जीती हैं, इसलिए उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में TVK के पास प्रभावी रूप से 107 विधायक रह जाएंगे।
पार्टी को अब तक कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायकों का समर्थन मिल चुका है।
ये भी देखे: तमिलनाडु चुनाव: थलापति विजय के CM बनने पर अब भी सस्पेंस, TVK के सभी MLA ने दी इस्तीफे की धमकी