पानीपत, 23 अगस्त 2025: हरियाणा के पानीपत जिले में पुलिस ने अपराध की बड़ी वारदात की योजना बना रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार रात की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद हुई। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने की, जो इलाके में अपराधियों पर नजर रख रही थी।
जानकारी के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा के नेतृत्व में टीम हथवाला गांव के आटा मोड़ पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो युवक अवैध हथियारों के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की। थोड़ी देर बाद बाइक पर सवार दोनों युवक दिखे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, तो वे तेज रफ्तार से भागने लगे और असंतुलित होकर गिर पड़े। मौके पर ही दोनों को काबू कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पानीपत के सौंधापुर गांव निवासी प्रमोद और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मिढकाली गांव के रहने वाले पिंकेश उर्फ राजा के रूप में हुई। पिंकेश फिलहाल पानीपत के आजाद नगर में किराये पर रह रहा था। तलाशी लेने पर प्रमोद की जेब से एक लोडेड देसी पिस्तौल और पिंकेश के पास दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी देखें: कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ को धमकी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार