चंडीगढ़, 30 सितंबर 2026: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट से अचानक हाइजैक का अलर्ट मिला। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक विमान ने पहले इमरजेंसी का 7700 कोड भेजा। फिर 7500 कोड भेजा जिसका मतलब हाइजैक होता है। अलर्ट मिलते ही इजराइल ने विमान की ओर फाइटर जेट भेज दिए। इसके बाद फ्लाइट ने अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। इनमें 150 से ज्यादा इजराइली नागरिक थे।
बाद में इजराइली सूत्रों ने बताया कि विमान हाइजैक नहीं हुआ था। बल्कि पायलटों के बीच कहासुनी हो गई थी। वहीं सीएनएन ने दावा किया है कि विमान में दोनों पायलटों के बीच हाथापाई हुई थी। इसी वजह से इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान सऊदी अरब के ऊपर पहुंचने के बाद अपने तय रास्ते से मुड़ गया था। इसके बाद विमान ताबुक एयरपोर्ट की तरफ बढ़ा। कुछ समय के लिए फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइटों पर विमान की स्थिति दिखनी भी बंद हो गई थी।
विमान से मिले अलर्ट के बाद इजराइल में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हिब्रू मीडिया के मुताबिक प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने भी मामले को लेकर इमरजेंसी बातचीत की। इस दौरान विमान की स्थिति और उसमें सवार यात्रियों को लेकर जानकारी जुटाई गई। इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट भी विमान की तरफ भेजे गए थे।
ये भी देखे: दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों में टक्कर, दोनों क्षतिग्रस्त