चंडीगढ़, 30 सितंबर 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि उनकी सरकार शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के सपनों को साकार करने और देशभक्ति, समानता, इंसाफ और लोक कल्याण पर आधारित पंजाब के निर्माण के दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है।
महान शहीद के जन्मदिवस के मौके पर पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पी.ए.यू.) में ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शहीद भगत सिंह के सम्मान में बड़े कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि मोहाली हवाई अड्डे का नाम उनके नाम पर रखने और 30 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने से लेकर सरकारी दफ्तरों में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह और बाबा साहिब अंबेडकर की तस्वीरें लगाने के साथ-साथ खटकड़ कलां में 52 करोड़ रुपये का शहीद-ए-आज़म भगत सिंह हेरिटेज कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की तरक्की, शिक्षा, भलाई और इसके पानी के स्रोतों की रक्षा उस संकल्प का केंद्र बिंदु हैं जिसके लिए शहीदों ने मिसाली कुर्बानियां दी थीं। उन्होंने आगे कहा कि वह खुद को पंजाब के लोगों के लिए समर्पित रखेंगे और सूबे के हितों की रक्षा के लिए जो भी करना पड़ेगा, वह करेंगे।
शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस की याद में करवाए गए राज्य स्तरीय समागम ‘जश्न-ए-इंकलाब’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार ने शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह को समर्पित खटकड़ कलां को विरासती, शैक्षिक और सांस्कृतिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए परियोजना शुरू की है।
उन्होंने कहा, “यह परियोजना खटकड़ कलां के ऐतिहासिक स्वरूप को बरकरार रखते हुए इंकलाबी शहीदों के जीवन, आदर्शों, कुर्बानियों और विरासत को समकालीन रूप में पेश करने के लिए तैयार की गई है। हम शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह के पैतृक गांव को राष्ट्रीय महत्व के विरासती स्थल में बदल रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ियां हमारी आजादी आंदोलन के शानदार इतिहास से जुड़ी रहें।”
ये भी देखें: शहीद भगत सिंह के जन्मदिन पर PAU लुधियाना में 28 सितंबर को होगा ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम – परमिंदर सिंह गोल्डी