जयशंकर ने यूएन महासचिव गुटेरेस से की मुलाकात, पश्चिम एशिया के हालात, यूक्रेन युद्ध समेत कई मुद्दों पर चर्चा

by Manu
जयशंकर ने गुटेरेस से की मुलाकात

न्यूयॉर्क, 30 सितंबर 2026: भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और ग्लोबल साउथ देशों पर इनके असर पर चर्चा की। विदेश मंत्री की महासचिव गुटेरेस से यह मुलाकात मंगलवार को यूएन मुख्यालय में हुई। दोनों नेता यूएन महासभा के हाई-लेवल कार्यक्रमों के समापन के समय मिले।

जयशंकर ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा कि आज यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मिलकर खुशी हुई। हमारी बातचीत पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों और उनके असर को कम करने की जरूरत पर केंद्रित थी। महासचिव के कार्यालय से जारी बैठक के विवरण में कहा गया है कि गुटेरेस और जयशंकर ने बहुपक्षवाद भारत-यूएन सहयोग और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की। इनमें यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के हालात शामिल हैं। इस दौरान महासचिव ने यूएन के साथ भारत के सहयोग की सराहना की।

शनिवार को यूएन में आम बहस के दौरान भारत की तरफ से विदेश मंत्री जयशंकर ने विश्व संगठन के प्रमुख के तौर पर गुटेरेस की सेवा की सराहना की थी। इस साल दिसंबर में गुटेरेस का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। उन्होंने कहा था कि बहुपक्षवाद के उद्देश्य के लिए एक दशक की सेवा और समर्पण के बाद हम जल्द ही महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को विदाई देंगे। भारत उनके कई योगदानों खासकर मिशन लाइफ के लिए उनके व्यक्तिगत समर्थन को बहुत महत्व देता है।

ये भी देखे: जयशंकर बोले- अमेरिका आतंकवाद पर भारत की चिंता नहीं समझता, इससे रिश्तों में मुश्किल

You may also like