जीरकपुर, 23 सितंबर 2026: मोहाली के जीरकपुर में एक बाइक सवार युवक फ्लाईओवर से करीब 18 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा। वह मुंह के बल सड़क पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभाला और एंबुलेंस से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी बाइक फ्लाईओवर के ऊपर ही फंसी मिली है। युवक फ्लाईओवर से नीचे कैसे गिरा यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा मंगलवार रात करीब 9 से 9:15 बजे के बीच अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर बने फ्लाईओवर पर सेठी ढाबे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे दोनों तरफ ट्रैफिक चल रहा था। इसी दौरान एक युवक अचानक फ्लाईओवर से नीचे सड़क पर गिर गया। उसने टी-शर्ट पैंट जूते और हेलमेट पहन रखा था।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे संभाला। सेठी ढाबे के एंबुलेंस ड्राइवर और कर्मचारियों ने भी मदद की। लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और तीन-चार लोग मिलकर घायल को एंबुलेंस में लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। फ्लाईओवर पर युवक की बाइक मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक नीचे कैसे गिरा। शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं है कि संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिरा या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है।
ये भी देखे: जीरकपुर-बनूड़ रोड पर भयानक हादसा, युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल