नई दिल्ली, 4 जून 2026: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि मानसून की हवाएं आज शाम 7 से 8 बजे के बीच केरल में प्रवेश कर सकती हैं। मौसम की स्थिति अब अनुकूल बन रही है। केरल के अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ इलाकों में अगले सात दिनों में भारी बारिश की संभावना है।
पहले अनुमान था कि मानसून 26 मई को केरल पहुंच जाएगा, लेकिन यह तय तारीख से 9 दिन देरी से आ रहा है। सामान्य रूप से मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है और इसके बाद डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है।
इधर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। इन इलाकों में क्यूमुलोनिम्बस बादल 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-पानी और गरज-चमक के साथ बारिश करा सकते हैं।
ये बादल मौसम के पावरहाउस माने जाते हैं, जो तेज हवाओं, बिजली और तूफान पैदा करते हैं।
हालांकि देश के कई राज्यों में गर्मी अभी भी बरकरार है। गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
ये भी देखे: Punjab Weather: पंजाब में झूमकर बरसा मानसून, चंडीगढ़ में टूटा बारिश का 50 साल का रिकॉर्ड