नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन में एक अनोखा अनुभव साझा किया। उन्होंने 33 साल पहले ब्रह्मलीन हो चुके आध्यात्मिक गुरु स्वामी चिन्मयानंद के होलोग्राफिक अवतार यानी होलोबॉट से बातचीत की।
इस तकनीक के जरिए ऐसा लगा मानो स्वामी चिन्मयानंद स्वयं प्रधानमंत्री के सामने मौजूद हों और उनसे बात कर रहे हों। पीएम मोदी ने 1993 में स्वामी जी से हुई अपनी मुलाकात को याद किया और उनसे अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए आशीर्वाद मांगा।
स्वामी चिन्मयानंद के होलोबॉट से बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरा सौभाग्य था कि मैं आपसे मिला था और आज मैं चाहता हूं कि आप मुझे उन कार्यों के लिए आशीर्वाद दें जिन्हें मैं पूरा करना चाहता हूं।”
पीएम मोदी ने इस बातचीत को एक अलग तरह का आध्यात्मिक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए संतों का आशीर्वाद है। चिन्मय मिशन के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक संस्था नहीं बल्कि चिन्मय विचार का प्रतिनिधित्व करता है।
स्वामी चिन्मयानंद के होलोग्राफिक अवतार ने जवाब में 1993 की मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि तुम शिकागो में होने वाली विश्व धर्म संसद की शताब्दी के आयोजन में मुझे आमंत्रित करने के लिए फरवरी 1993 में वडोदरा आए थे। मैंने उस समय तुमसे कहा था कि अब मेरी उम्र हो गई है। ये बूढ़ा और बीमार व्यक्ति इतनी बड़ी जिम्मेदारी नहीं उठा सकता। अब हिंदू युवाओं को यह जिम्मेदारी संभालनी होगी। उसी वर्ष आयोजकों को भी मैंने यही बात लिखी थी।”
होलोबॉट ने आगे सनातन धर्म और युवाओं की जिम्मेदारी पर भी बात की। उन्होंने कहा, “मैंने लिखा था कि हमारा सनातन धर्म सत्य के भव्य प्राचीन मंदिर की तरह है। उसकी नींव अब बहुत मजबूत है। लेकिन सदियों से उसकी उपेक्षा हुई। अब उसके गिरे हुए स्तंभों को फिर से खड़ा करना हमारा काम है। इसके लिए हमें हर जिले में प्रेरित युवाओं के छोटे-छोटे समूह चाहिए जो पूरे उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ काम करें। हर समुदाय को अपने प्रयासों से आगे बढ़ना होगा। कोई भी यह सोचकर बैठा नहीं रह सकता कि एक बूढ़ा व्यक्ति आएगा और चमत्कार कर देगा। आज भारत को देखो मुझे बहुत खुशी है कि 1993 में जिस व्यक्ति से मेरी मुलाकात हुई थी आज वही भारत का प्रधानमंत्री है।”
ये भी देखें: हरियाणा में बिजली कर्मियों की हड़ताल टली, अनिल विज के साथ हुई बैठक