चंडीगढ़ सेक्टर-22 में हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या, नाबालिग बेटा हिरासत में

by Manu
chandigarh head constable dead

चंडीगढ़, 25 सितंबर 2026: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कांस्टेबल नितिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो नितिन घायल हालत में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया है। शुरुआती पूछताछ में नितिन के नाबालिग बेटे ने किसी दूसरे व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप लगाया। लेकिन पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ।

पूछताछ के दौरान बयान में विरोधाभास सामने आए। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया। वारदात के दौरान बेटा और मां ही घर में मौजूद थे। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किसने पुलिसकर्मी को गोली मारी।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की है। हेड कांस्टेबल नितिन चंडीगढ़ पुलिस के अकाउंट्स डिपार्टमेंट हेडक्वार्टर में तैनात थे। पड़ोसियों के मुताबिक नितिन के घर से पहले काफी शोर-शराबे की आवाजें आ रही थीं। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-17 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस ने नाबालिग बेटे से दोबारा पूछताछ की। उसके बयान में विरोधाभास निकले। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली किसने चलाई। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों देसी कट्टे और परिवार के सदस्यों के बयानों को मिलाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

ये भी देखें: मुजफ्फरनगर में अवैध हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, हेड कांस्टेबल का बेटा समेत तीन गिरफ्तार

You may also like