काबुल, 24 सितंबर 2026: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ गया है। पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के कहा कि उसने अफगानिस्तान के अंदर 10 ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। पाकिस्तान का दावा है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल एक दिन पहले पाकिस्तान पर ड्रोन हमले करने के लिए किया गया था। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब दोनों देशों के बीच सीमा पर गोलीबारी और घुसपैठ के आरोप लगातार बढ़ रहे हैं। इससे क्षेत्रीय देशों की मध्यस्थता से शांति कायम करने की कोशिशों को भी झटका लगने का खतरा है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पर बताया कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 जगहों को निशाना बनाया है। इससे एक दिन पहले पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया था कि अफगान तालिबान की ओर से आठ ड्रोन भेजे गए थे।
पाकिस्तान के मुताबिक इन ड्रोन को कोहाट शहर और तोरखम सीमा क्षेत्र तक पहुंचने से पहले ही मार गिराया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी ड्रोन नष्ट कर दिए गए और उनसे कोई नुकसान नहीं हुआ। पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को भी नाकाम किया था।
अफगान तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के इन आरोपों को खारिज किया है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को कहा था कि अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तान पर कोई हमला नहीं किया। पाकिस्तान के ताजा हवाई हमलों पर काबुल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। इससे पहले भी पाकिस्तान ने पूर्वी अफगानिस्तान में लड़ाकों के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान ने उस कार्रवाई को आतंकियों के खिलाफ अभियान बताया था जबकि अफगान अधिकारियों ने हमले में नागरिकों के मारे जाने की बात कही थी।
ये भी देखे: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किए एयरस्ट्राइक, तालिबान का दावा- 13 नागरिक मारे गए