कुरुक्षेत्र, 22 सितंबर 2026: हरियाणा में धान यानी जीरी की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने पर किसानों ने आज कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में जीटी रोड एनएच-44 जाम करने का ऐलान किया है। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के अध्यक्ष गुरनाम सिंह ने वीडियो जारी कर कहा कि किसान शाहाबाद-बराड़ा रोड स्थित शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर इकट्ठे होंगे। इसके बाद दोपहर तक जीटी रोड पर जाम लगाया जाएगा।
किसानों के जाम के ऐलान के चलते पुलिस भी अलर्ट हो गई है। शाहाबाद में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्रज वाहन भी तैनात किया गया है।
16 सितंबर को किसान यूनियन ने बैठक कर प्रशासन को 20 सितंबर तक धान की सरकारी खरीद शुरू करने का अल्टीमेटम दिया था। मांग न माने जाने पर 22 सितंबर को जाम लगाने की चेतावनी दी थी। चढ़ूनी का कहना है कि सरकार और प्रशासन ने वादा तोड़ दिया।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि 16 सितंबर को धान की सरकारी खरीद को लेकर शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों की बैठक हुई थी। इसमें कुरुक्षेत्र के डीसी विश्राम कुमार मीणा भी पहुंचे थे। किसानों ने मंडियों में फसल पहुंचने का हवाला देते हुए जल्द सरकारी खरीद शुरू करने की मांग की थी। प्रशासन ने बताया था कि राज्य सरकार ने केंद्र से तय समय से पहले 20 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कराने का अनुरोध किया है। इस आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन टाल दिया था।
ये भी देखे: सोनीपत में किसानों की ट्रैक्टर यात्रा, गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग