चंडीगढ़, 21 सितंबर 2026: सोनीपत में गन्ने के भाव को 600 रुपये प्रति क्विंटल करने समेत अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले किसानों ने सोमवार को ट्रैक्टर यात्रा निकाली। जाहरी चौक से शुरू हुई यात्रा कामी रोड बस स्टैंड गीता भवन और तिरंगा चौक से होते हुए मिनी सचिवालय पहुंचेगी। किसान मिनी सचिवालय के सामने ट्रैक्टर खड़े कर धरना देंगे और मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान किया है।
किसानों की ट्रैक्टर यात्रा जाहरी चौक से शुरू हुई। इसके बाद ट्रैक्टर कामी रोड बस स्टैंड गीता भवन और तिरंगा चौक से होते हुए मिनी सचिवालय की ओर रवाना हुए। ट्रैक्टर यात्रा के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाम की स्थिति भी बनी।
किसान नेता वीरेंद्र पहल ने कहा कि मौजूदा समय में गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल है। किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। उनका कहना है कि गन्ने के भाव में लंबे समय से अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई है जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीरेंद्र पहल ने कहा कि किसानों की लगातार दो बार पंचायत हो चुकी है। इन पंचायतों में राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता भी पहुंचे हैं। किसानों की ओर से सरकार को ज्ञापन भी दिया जा चुका है लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकार की ओर से किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
ये भी देखे: हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टर और 200 नर्सों की भर्ती की तैयारी