रामपुर , 18 अगस्त 2026: रामपुर जेल में बंद सपा नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी ने छापा मारा है। बुधवार सुबह 20 अफसरों की टीम यूनिवर्सिटी पहुंची। टीम अंदर कागजों को खंगाल रही है। बाहर फोर्स तैनात है। किसी के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
इसके अलावा रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में 10 ठिकानों पर आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी के ट्रस्ट से जुड़े ठिकानों पर रेड चल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ईडी ने स्थानीय पुलिस से आजम खान के आपराधिक इतिहास का ब्योरा मांगा था। पुलिस ने जानकारी उपलब्ध नहीं कराई तो टीम खुद ही पहुंच गई।
15 जुलाई को रामपुर डीएम ने यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को ढहाने का आदेश दिया था। हालांकि मुरादाबाद के कमिश्नर आन्जनेय सिंह की कोर्ट ने रामपुर डीएम के आदेश पर रोक लगा दी थी। अभी मामला कोर्ट में चल रहा है।
ये भी देखे: रामपुर जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर बुलडोजर नहीं चलेगा, कमिश्नर कोर्ट ने लगाई रोक